
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

शहर में अवैध रूप से संचालित दोपहिया टैक्सियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार काठगोदाम चौराहे और थाने के आसपास अवैध रूप से टैक्सी के रूप में चल रहे दोपहिया वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 100 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया।


कार्रवाई के दौरान पुलिस और यातायात से जुड़े अधिकारियों ने वाहन चालकों के दस्तावेज भी जांचे। नियमों का उल्लंघन कर टैक्सी सेवा देने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।


बताया जा रहा है कि शहर और पर्वतीय मार्गों पर बड़ी संख्या में निजी दोपहिया वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इससे यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे थे।



पुलिस प्रशासन ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध अनुमति और निर्धारित नियमों के टैक्सी संचालन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह कार्रवाई कैंची धाम क्षेत्र में जाम की समस्या सामने आने के बाद और तेज की गई है। यातायात दबाव और अनियंत्रित वाहन संचालन को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।




पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि किन क्षेत्रों में इस तरह की दोपहिया टैक्सियां सबसे अधिक संचालित हो रही हैं। आने वाले दिनों में अन्य स्थानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया जा सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात और परिवहन नियमों का पालन करें। अवैध टैक्सी संचालन और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

