चमोली में 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी बरामद, डेढ़ लाख रुपये कीमत का माल जब्त

चमोली में 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी बरामद, डेढ़ लाख रुपये कीमत का माल जब्त

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

जनपद में अवैध वन संपदा के दोहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी चमोली की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। चिडिंगा-देवाल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी यानी यारसागंबू बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने जनपद पुलिस को प्रतिबंधित वन्य उपज की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में एसओजी चमोली की टीम चिडिंगा-देवाल रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जिसे रोककर पुलिस ने पूछताछ और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 140 नग अवैध कीड़ा जड़ी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद की गई कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी की पहचान कुंवर सिंह पुत्र ललित सिंह, निवासी ग्राम खुम्पी, थाना बल्वाकोट, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

अवैध वन उपज बरामद होने के बाद थाना थराली में मुकदमा अपराध संख्या 31/2026 के तहत वन अधिनियम की संबंधित धाराओं और उत्तराखण्ड इमारती लकड़ी एवं वन उपज अधिनियम/नियमावली के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि बरामद कीड़ा जड़ी कहां से लाई गई और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

चमोली पुलिस ने कहा है कि जनपद की बहुमूल्य वन संपदा के अवैध दोहन, संग्रहण और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने और अवैध वन उपज के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।