
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 30.87 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से स्मैक परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग करने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की।


पुलिस टीम ने 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाले मार्ग पर गुर्जर झाले के रास्ते में चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 30.87 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सुखदेव सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, निवासी इटौउआ, बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।



आरोपी स्मैक को स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से परिवहन कर रहा था। पुलिस ने स्मैक के साथ मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।
अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 216/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

