झीवरहेड़ी में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, चार साल से निर्माण की मांग

झीवरहेड़ी में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, चार साल से निर्माण की मांग

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी गांव में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। करीब चार साल से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीण सड़क पर उतरे और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब हालत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और हादसे का खतरा भी बना रहता है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पिछले करीब चार वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा। ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें सड़क पर वास्तविक निर्माण कार्य चाहिए।

ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक मोहम्मद शहजाद और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर भी सड़क की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

सड़क के साथ ही गांव के बाहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नगर पंचायत सुल्तानपुर के सफाई कर्मियों द्वारा मुख्य मार्ग के आसपास कूड़ा और मृत पशु डाले जाने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर होंगे।