गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम पहलवान को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम पहलवान को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

गैर इरादतन हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर 2026 को टाउन धानमिल, हल्द्वानी निवासी राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर को उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा, उम्र 23 वर्ष, की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

वादी ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान ने इलाज करने के नाम पर उनकी पत्नी का उपचार किया था और इसी दौरान उनकी मृत्यु हुई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 338/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार पतारसी और सुरागरसी की। इसी दौरान नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद उसे संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।