थत्यूड़ में ब्लॉक स्तरीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ी सम्मानित

थत्यूड़ में ब्लॉक स्तरीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ी सम्मानित

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

जौनपुर विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ व्यापार मंडल महामंत्री राकेश सजवाण और प्रवीण पंवार ने किया। प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने कई खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

अंडर-14 बालक वर्ग की चक्का फेंक प्रतियोगिता में ऋषभ ने प्रथम, सत्यम ने द्वितीय और नैतिक राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में साक्षी प्रथम, राधिका द्वितीय और आरुषि बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-14 ऊंची कूद बालक वर्ग में श्रेष्ठ ने पहला, कार्तिक ने दूसरा और नितिन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में दिव्या गुसाईं प्रथम, सौम्या द्वितीय और सिमरन तृतीय रहीं।

ऊंची कूद की एक अन्य स्पर्धा में राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी के श्रेष्ठ ने प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज काटल के नितिन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

अंडर-17 की 1500 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज रगड़गांव के मुकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी की अनामिका विजेता रहीं।

अंडर-19 चक्का फेंक बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज पुजारगांव के आशीष प्रथम रहे, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज रौतू की बेली के राहुल ने दूसरा और हिमांशु ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज म्याणी की शिवानी प्रथम और अलीशा द्वितीय रहीं, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज नकुची की किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

व्यायाम शिक्षक दिनेश गुसाईं ने बताया कि प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला और उन्हें आगे भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।