उत्तराखंड में 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक 6 से 8 अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है। इससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आ सकती है।

इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच बर्फबारी का दायरा कुछ निचले इलाकों तक पहुंच सकता है। इस अवधि में करीब 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने के आसार बताए गए हैं।

चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने इन पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज गर्जन भी देखने को मिल सकता है।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बारिश और बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने के साथ सड़क और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।