
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने 5 अक्टूबर को बनबसा क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा चौकियों और निगरानी स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

एसपी रेखा यादव ने सीमा क्षेत्र में स्थित बैराज चौकी, इमिग्रेशन पोस्ट, एएचटीयू, बैराज पुल और सुरक्षा गार्द का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और निगरानी व्यवस्था की भी बारीकी से जांच की।


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहना जरूरी है।


एसपी ने निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। साथ ही सीमा से होने वाले आवागमन और संभावित आपराधिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।


उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अन्य सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। साथ ही महत्वपूर्ण सूचनाओं का समयबद्ध तरीके से आदान-प्रदान करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।



इस दौरान एसपी रेखा यादव ने थाना बनबसा के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और भवन निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

