पंचेश्वर महादेव मंदिर में 23वां छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, 124 विद्यार्थियों को मिला सम्मान

पंचेश्वर महादेव मंदिर में 23वां छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, 124 विद्यार्थियों को मिला सम्मान

स्थान : रानीखेत 
रिपोर्टर -संजय जोशी

श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 23वें छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और स्वास्ति वाचन प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि दीक्षिता जोशी ने विद्यार्थियों से उनके जीवन के लक्ष्य के बारे में बातचीत की और उन्हें मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी पद, सफलता या क्षमता को हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता मिलने के बाद समाज के प्रति जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। जो व्यक्ति अपने जीवन में आगे बढ़ता है, उसके पास समाज को कुछ वापस देने का अवसर और नैतिक दायित्व दोनों होते हैं।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बच्चों को यह भी भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में मार्गदर्शन के लिए उनके कार्यालय आ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य तय करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

विशिष्ट अतिथि पूर्व रक्षा संपदा निदेशक डीएन यादव ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खान-पान और स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने और अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने पर जोर दिया।

कार्यक्रम से पूर्व शिव मंदिर एवं धर्मशाला समिति के अध्यक्ष कैलाश पांडे ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समिति की ओर से संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी को शॉल ओढ़ाकर और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में आईआईटी सहित अन्य क्षेत्रों में चयनित मेधावियों के साथ हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इस वर्ष ‘रानीखेत गौरव सम्मान’ वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीएल माहेश्वरी, हिल क्राफ्ट संस्था की संचालिका चयनिका साह बिष्ट और शैलेन्द्र चौधरी को प्रदान किया गया।

सम्मानित लोगों ने अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए शिव मंदिर समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों और समाज में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

समारोह में करीब एक दर्जन विद्यालयों के 124 दिव्यांग, निराश्रित और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं सम्मान प्रदान किया गया। समिति के अनुसार यह वार्षिक छात्रवृत्ति विभिन्न नागरिकों की ओर से अपने स्वजनों की स्मृति में दी गई सहयोग राशि से प्रदान की जाती है।