
स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर -संजय जोशी

शहीद सिपाही कुन्दन सिंह राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बग्वालीपोखर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी ने की।

कार्यक्रम के दौरान निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए विकसित भारत की अवधारणा, युवाओं की जिम्मेदारी और सेवा भावना से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।



निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय के 47 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 12-बी के कमलेश कुमार ने प्रथम, करन कुमार ने द्वितीय और भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10 के हर्षित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा आठ के भास्कर सिंह भंडारी द्वितीय और जीवन सिंह भंडारी तृतीय स्थान पर रहे।


भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 10 के हर्षित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12 के मोहित सिंह बोरा ने द्वितीय और कक्षा सात के हर्षित कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डोटल गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र लाल मौजूद रहे। प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया।



प्रधानाचार्य अजय कुमार जोशी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी है।

मुख्य अतिथि राजेंद्र लाल ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनसे इनका लाभ लेने की अपील की। निबंध और भाषण प्रतियोगिता में अंजू गोस्वामी और लक्ष्मण सिंह गैड़ा निर्णायक रहे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन संध्या आर्या ने किया।
कार्यक्रम का संचालन सरोज आर्या ने किया। इस अवसर पर शिक्षक-अभिभावक समिति अध्यक्ष हेमा देवी, शिक्षक पूरन चंद्र, अर्जुन सिंह, सुचिता बिष्ट, हरीश सिंह रावत, बसंत बल्लभ, तारा चंद्र पांडे सहित अभिभावक मौजूद रहे। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

