कालिंदी ट्रेक में फंसे 29 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचाया

कालिंदी ट्रेक में फंसे 29 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचाया

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के दुर्गम कालिंदी ट्रेक के ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित निकाल लिया गया। सभी ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल आर्मी बेस पहुंचाया गया।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के कारण ट्रेकर्स तक पहुंचना रेस्क्यू टीमों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू अभियान SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में संचालित किया गया। वे SDRF कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

अभियान में SDRF के साथ जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और UCADA की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने की रणनीति तैयार की गई।

ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स को खराब मौसम और कठिन ट्रेकिंग रूट के कारण जमीन के रास्ते निकालना मुश्किल था। इसके बाद हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया गया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी 29 ट्रेकर्स को एक-एक कर सुरक्षित एयरलिफ्ट किया गया। हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें हर्षिल स्थित आर्मी बेस लाया गया।

रेस्क्यू के बाद सभी ट्रेकर्स को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आर्मी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच शुरू की।

प्रशासन के अनुसार सभी ट्रेकर्स सुरक्षित हैं। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं।

इस सफल अभियान में SDRF, सेना, जिला पुलिस, स्थानीय प्रशासन और UCADA के बीच बेहतर तालमेल की अहम भूमिका रही। दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद सभी 29 ट्रेकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।