
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर 2026 को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने कॉलेज सभागार में चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों को लिंगदोह कमेटी के तहत निर्धारित सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर तैनात टीमों को पूरी तरह सक्रिय रहने को कहा गया।



पुलिस ने चुनाव के दौरान प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ड्रोन टीमों को लगातार सक्रिय रखा जाएगा, जबकि मोबाइल टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करती रहेंगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।


कॉलेज परिसर के आसपास बनाए गए जीरो जोन में छात्रों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस को क्राउड कंट्रोल पर विशेष ध्यान देने और अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विवाद या किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।


यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग से डाइवर्जन ड्यूटियां लगाई गई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वाहनों को लगातार मोबिलाइज किया जाए और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहनों को खड़ा न होने दिया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो।

मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कॉलेज परिसर के भीतर और आसपास अराजक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया है।




छात्रसंघ चुनाव के लिए पुलिस ने व्यापक बल तैनात किया है। इसमें 6 राजपत्रित अधिकारी, 9 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 आईसी/ओपी/एसआई, 16 महिला उपनिरीक्षक, 30 अतिरिक्त उपनिरीक्षक, 33 हेड कांस्टेबल, 3 महिला हेड कांस्टेबल, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
इसके अलावा एंटी रायट की एक टीम, टियर गैस की एक टीम, फायर यूनिट की दो टीमें तथा आईआरबी/पीएसी की एक कंपनी का डेढ़ सेक्शन भी तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान हर संवेदनशील बिंदु पर पर्याप्त बल मौजूद रहेगा।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्राचार्य डॉ. एन.एस. बनकोटी सहित कई पुलिस अधिकारी और ड्यूटी पर तैनात कर्मी मौजूद रहे।

