चकरपुर में सीमेंट लदा 16-टायर ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

चकरपुर में सीमेंट लदा 16-टायर ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

स्थान : खटीमा(चकरपुर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के चकरपुर क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के सामने सीमेंट की बोरियों से लदा 16-टायर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गया।

हादसा रात करीब दो बजे का बताया जा रहा है। स्थानीय जानकारी के अनुसार ट्रक का अगला टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग घबराकर बाहर निकल आए। रात का समय होने के कारण सड़क पर अन्य वाहनों और राहगीरों की संख्या कम थी, जिससे बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया।

बताया जा रहा है कि यूपी नंबर का ट्रक सिकंदराबाद की ओर से सीमेंट की बोरियां लेकर टनकपुर जा रहा था। जैसे ही ट्रक उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के सामने पहुंचा, तभी उसका अगला टायर फट गया।

टायर फटते ही भारी-भरकम ट्रक डिवाइडर और लोहे की रेलिंग से टकराते हुए सड़क पर पलट गया। टक्कर से डिवाइडर और रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा।

ट्रक पलटने के बाद उसमें लदी सैकड़ों सीमेंट की बोरियां हाईवे पर बिखर गईं। इसके कारण सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। ट्रक चालक की स्थिति को लेकर किसी गंभीर जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

बाद में क्रेन और मजदूरों की मदद से सड़क पर बिखरी सीमेंट की बोरियों को हटाने का काम शुरू किया गया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाकर मार्ग साफ करने के प्रयास किए गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही हादसा दिन या व्यस्त समय में होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल सड़क से मलबा और बोरियां हटाकर यातायात सामान्य करने की कार्रवाई जारी है।