
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। विभिन्न क्षेत्रों में औसतन 150 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है। बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों तथा सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़ी एजेंसियों को हाई अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।


जिलाधिकारी के अनुसार संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं। सड़क पर मलबा आने की स्थिति में मशीनों के माध्यम से तत्काल मार्ग खोलने की व्यवस्था की गई है।


लगातार बारिश के बावजूद फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के सभी प्रमुख मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। प्रशासन ने मुख्य सड़कों पर विशेष निगरानी रखने और जोखिम वाले स्थानों पर कर्मचारियों को तैनात रहने के निर्देश दिए हैं।


हालांकि सुरक्षा कारणों से जिले की तीन ग्रामीण सड़कें फिलहाल बाधित हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मशीनों के साथ काम कर रही हैं और प्रशासन का कहना है कि जल्द से जल्द यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

बारिश का असर कुछ क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। तामली और मंच सहित जिन इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, वहां ऊर्जा विभाग की टीमें मरम्मत और आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं।



राहत की बात यह है कि जिले में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचने और जलभराव की शिकायतें प्रशासन को मिली हैं। संबंधित क्षेत्रों में टीमों को भेजकर आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी धरातल पर मौजूद रहकर स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने तथा राहत और बचाव से जुड़े संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि जनप्रतिनिधियों के समन्वय और संबंधित विभागों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से किए जा रहे हैं। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

