
स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में मौसम के बदले मिजाज के बीच जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए आम लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

ज्योर्तिमठ क्षेत्र में शुक्रवार की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई। बद्रीनाथ धाम में भी बारिश का दौर जारी है, जबकि आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हो रहा है। बारिश और बर्फबारी के चलते पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है।


सतोपंथ क्षेत्र, सप्त श्रृंग शिखरों, फूलों की घाटी, कुंठ खाल, टिपरा खरक, चिनाप वैली, एरा टॉप सहित नीति घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार चमोली जनपद के लिए 26 सितम्बर को ऑरेंज अलर्ट और 27 सितम्बर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के रूप में मौसम का असर दिखाई दे रहा है।


मौसम विभाग के अनुसार 26 सितम्बर को जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।

वहीं 27 सितम्बर को भी मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा तीव्र से अति तीव्र बारिश होने की संभावना जताई गई है।



मौसम चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने आमजन से अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। लोगों को मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा न करने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग और पर्यटकों के आवागमन को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम के दौरान ट्रेकिंग गतिविधियों से बचने और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनपद मुख्यालय और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स देने के साथ ही विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

