
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज टनकपुर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की, जबकि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन और विभिन्न विभाग एक ही मंच पर आमजन के बीच पहुंचे। यहां लोगों की समस्याएं, मांगें और आवेदन सुने गए, साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ देने की प्रक्रिया भी की गई।



जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

शिविर में 500 से अधिक लाभार्थियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल से 52, होम्योपैथिक विभाग से 55, आयुष विभाग से 50 और पशुपालन विभाग से 51 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं।



इसके अलावा डेयरी विभाग से 32, सहकारिता विभाग से 30, राजस्व विभाग से 26, उद्यान विभाग से 49, कृषि विभाग से 24 तथा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग से 12 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा गया।

मत्स्य विभाग के माध्यम से 17, महिला एवं बाल विकास विभाग से 20 और जिला पंचायती राज विभाग से 10 लाभार्थियों को भी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अन्य विभागों ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को योजनाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी।



“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान कुल 90 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। वहीं जिन प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया की जरूरत है, उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह जिले में इस श्रृंखला का पहला शिविर है। उन्होंने कहा कि इसके बाद जनपद में आठ अन्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान के साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

