एमबीपीजी कॉलेज में हंगामा, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़

एमबीपीजी कॉलेज में हंगामा, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कॉलेज परिसर और आसपास कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बताया गया कि नामांकन के दौरान विभिन्न छात्र संगठन अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां निकाल रहे थे। इसी बीच पुलिस ने एनएसयूआई की रैली में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे और ट्रक को कब्जे में ले लिया, जिससे कार्यकर्ता नाराज हो गए।

इसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने छात्रों को खदेड़ना शुरू किया और लाठीचार्ज किया।

लाठीचार्ज के बाद मौके पर मौजूद छात्रों और समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि अन्य छात्र संगठनों की रैलियों में भी बड़े वाहन और डीजे का इस्तेमाल किया गया, लेकिन कार्रवाई केवल उनके खिलाफ की गई।

कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के प्रति नरम रवैया अपना रहा है और उन्हें अधिक सुरक्षा दी जा रही है। हालांकि इन आरोपों पर पुलिस प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में सभी छात्र संगठनों के लिए एक समान नियम लागू होने चाहिए और किसी भी संगठन के साथ पक्षपात नहीं किया जाना चाहिए।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि नामांकन और आगे की चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।