11 से 19 अक्टूबर तक होगा 50वां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला, तैयारियों को लेकर बैठक

11 से 19 अक्टूबर तक होगा 50वां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला, तैयारियों को लेकर बैठक

स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 50वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तैयारियों को लेकर नरेंद्रनगर तहसील सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य और वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल मौजूद रहीं। इसके अलावा मेला समिति के अध्यक्ष एवं पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, सचिव एवं उप जिलाधिकारी आशीष घल्डियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, नगर के सभासद और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस दौरान पिछले वर्ष के मेले का आय-व्यय भी प्रस्तुत किया गया। बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मेले से कुल 1 करोड़ 1 लाख 48 हजार 547 रुपये की आय हुई, जबकि कुल व्यय 93 लाख 74 हजार 930 रुपये रहा। इसके बाद 7 लाख 73 हजार 617 रुपये की धनराशि अवशेष बताई गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेला समिति के प्रमुख संरक्षक और मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सभी वर्गों के सहयोग से श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला प्रदेश के प्रमुख मेलों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित लोगों को बधाई दी।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष मेले का 50वां आयोजन होने के कारण इसे और अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विभाग और समितियां आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

उन्होंने मेले को क्षेत्र के विकास से भी जोड़ते हुए कहा कि पूर्व में मेले के उद्घाटन अवसरों पर मुख्यमंत्रियों द्वारा की गई घोषणाओं से क्षेत्र में कई विकास कार्यों को गति मिली है। ऐसे में यह मेला केवल सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास का भी माध्यम बना है।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियां अपने-अपने दायित्व समय रहते पूरा करें। उन्होंने कहा कि उप समितियां नियमित बैठकें आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा करें, ताकि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाला मेला व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से आयोजित किया जा सके।