खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, आधुनिक गौशाला का लोकार्पण; 108 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास

खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, आधुनिक गौशाला का लोकार्पण; 108 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा पहुंचकर हल्दीघेरा में 7 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की भी शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने खटीमा, नानकमत्ता और रुद्रपुर क्षेत्र के लिए कुल 108 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

प्रमुख योजनाओं में सत्रहमील से नानकसागर तक राज्य मार्ग के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इसके अलावा खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक फोरलेन सड़क चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य भी प्रस्तावित है।

ज्ञानपुरगोढ़ी क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण के साथ ही खटीमा कॉलेज में आवासीय भवनों के निर्माण की योजना भी शामिल की गई है। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।

हल्दीघेरा में आधुनिक गौशाला का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश के कारण किसानों की फसलों को नुकसान और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या सामने आती है। गौ सदनों के निर्माण और संचालन से इन दोनों समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को विभिन्न गौ सदनों में आश्रय दिया जा चुका है। सरकार इस दिशा में लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला का भविष्य में और विस्तार किए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार गौशाला की क्षमता और सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक निराश्रित गोवंश को यहां रखा जा सके।

वहीं, 108 करोड़ रुपये से अधिक की 15 विकास योजनाओं के शिलान्यास से खटीमा, नानकमत्ता और रुद्रपुर क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर इन योजनाओं को क्षेत्र के लिए बड़ी विकास सौगात के रूप में देखा जा रहा है।