
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने माणा से इनर लाइन परमिट क्षेत्र माणा पास तक स्थलीय भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान एसपी चमोली ने सीमांत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में जुटे सीमा सड़क संगठन (BRO) और अन्य निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यस्थल पर मौजूद व्यवस्थाओं और काम के दौरान सामने आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली।



इस दौरान बीआरओ के O/IC मदन कुमार से भी सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। एसपी ने निर्माण कार्यों की गति और सीमांत क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित एजेंसियों के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।


एसपी चमोली ने निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों और श्रमिकों के सत्यापन की व्यवस्था की भी जानकारी ली। इनर लाइन परमिट क्षेत्र में लागू नियमों और सत्यापन से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर अधिकारियों से चर्चा करते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।



सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने सेना, आईटीबीपी और बीआरओ के अधिकारियों व जवानों से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में संचालित गतिविधियों, आपसी सहयोग और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

देवताल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीमांत क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यटकों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सतर्कता, सुरक्षा और समन्वय से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।




इसके साथ ही भविष्य में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर संभावित भ्रमण मार्ग और आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। एसपी चमोली ने देवताल स्थित वीरेश्वर महादेव के दर्शन भी किए और क्षेत्र की धार्मिक तथा पर्यटन गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान निरीक्षक विनोद थपलियाल, उपनिरीक्षक नरेंद्र पुरी, उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल, उपनिरीक्षक सतेंद्र बुटोला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी संबंधित एजेंसियों से सीमांत क्षेत्र में संचालित कार्यों के दौरान आपसी तालमेल बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में समय पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

