
स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

नगर के ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन बुधवार, 23 सितंबर 2026 को होगा। इस अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोला विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष कदम उठाए हैं।


जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ महाविद्यालयों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।


प्रशासन के अनुसार शोभायात्रा और डोला विसर्जन के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए अवकाश का निर्णय लिया गया है। आदेश नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों पर लागू रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित सरकारी, अशासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों से अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।



श्री नंदा देवी महोत्सव के कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर करीब 12 बजे मां नंदा-सुनंदा का डोला नगर भ्रमण पर निकलेगा। नगर भ्रमण के बाद धार्मिक परंपरा के अनुसार डोले का विसर्जन किया जाएगा।
समापन शोभायात्रा के दौरान नगर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां कर रहा है। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था की जाएगी।
ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव 16 सितंबर से शुरू हुआ था और आठ दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के बाद 23 सितंबर को इसका समापन होगा। मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन के साथ इस वर्ष के महोत्सव की धार्मिक परंपराएं पूर्ण होंगी।

