लोहाघाट में ‘रोजगार से सम्मान तक’ कार्यक्रम, सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रतिभाग

लोहाघाट में ‘रोजगार से सम्मान तक’ कार्यक्रम, सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रतिभाग

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल की ओर से महिला सशक्तिकरण पर आधारित ‘रोजगार से सम्मान तक—आत्मनिर्भर शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोहाघाट ब्लॉक की विभिन्न ग्राम सभाओं से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री किरन देवी और लोहाघाट के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।

अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा तथा उत्पादों को सामने लाने के लिए मंच मिलता है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी कई महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

दर्जा राज्य मंत्री किरन देवी और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने अपने संबोधन में महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी उनकी भूमिका लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने कहा कि अब महिलाएं व्यापार, राजनीति, सरकारी सेवा और स्वरोजगार सहित लगभग सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वरोजगार कर रही महिलाओं को उचित मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को समाज के सामने लाना है।

सुषमा फर्त्याल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ स्वरोजगार अपनाकर परिवार की आय का महत्वपूर्ण सहारा बन रही हैं। उन्होंने स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं और वीर नारियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण के लिए उपयोगी बताया। प्रतिभागी महिलाओं ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सुषमा फर्त्याल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रेनू गढ़कोटी और सुष्मि ने किया।