1100 सीसीटीवी खंगालकर नरेंद्रनगर की बड़ी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

1100 सीसीटीवी खंगालकर नरेंद्रनगर की बड़ी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

नरेंद्रनगर के दीवान लॉज क्षेत्र में बंद मकान से लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना 4 सितंबर को हुई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस और सीआईयू टीम ने विभिन्न शहरों में करीब 1100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों का लगातार पीछा किया।

जानकारी के अनुसार जन्माष्टमी के दिन परिवार पूजा-अर्चना के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान के चैनल गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी व लॉकर को निशाना बनाया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना का पता उस समय चला जब खुला गेट देखकर बंदर मकान के अंदर घुस गए। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। परिवार के लोग वापस घर पहुंचे तो ताले और अलमारी टूटी देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल नरेंद्रनगर पुलिस को घटना की सूचना दी गई और मुकदमा दर्ज कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे के निर्देश पर चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने नरेंद्रनगर से लेकर ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन और अन्य स्थानों तक करीब 1100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन किया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को आरोपी ऋषिकेश के नटराज चौक क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर निगरानी बनाए रखी। 20 सितंबर को आरोपी जब बाइक लेने दोबारा ऋषिकेश पहुंचे तो पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक के रूप में हुई है। दोनों को देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। मामले में तीसरा आरोपी मोहम्मद रफीक फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हार, मांग टीका, महिला अंगूठी, नथ, तीन मंगलसूत्र, कान के झुमके और कुंडल सहित पीली धातु के कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल तथा घटना के समय इस्तेमाल की गई लाल रंग की टोपी और काली टी-शर्ट भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक मोटरसाइकिल हिमाचल प्रदेश के सोलन क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 1 सितंबर को हिमाचल प्रदेश से मोटरसाइकिल चोरी की थी और इसके बाद विभिन्न स्थानों से होते हुए ऋषिकेश पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रेकी करने के बाद 4 सितंबर को भारी बारिश और कोहरे का फायदा उठाकर नरेंद्रनगर में बंद मकान को निशाना बनाया। चोरी के बाद आरोपी अलग-अलग शहरों में घूमते रहे।

चोरी के खुलासे और दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने एसएसपी श्वेता चौबे, नरेंद्रनगर पुलिस और सीआईयू टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि करीब 1100 सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचना पुलिस की लगातार मेहनत का परिणाम है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।