
स्थान : भीमताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक की दूरस्थ ग्रामसभा बड़ोंन के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। बड़ोंन हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय का उद्घाटन किया। विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब 12वीं तक की शिक्षा अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगी।

ग्रामीण लंबे समय से बड़ोंन हाईस्कूल को इंटरमीडिएट कॉलेज का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे थे। हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र-छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए दूरदराज के विद्यालयों में जाना पड़ता था। दुर्गम और जंगल से होकर गुजरने वाले रास्तों के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।


स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को होती थी। कई परिवारों के लिए बच्चों को दूर स्थित इंटर कॉलेज भेजना कठिन था, जिसके कारण कुछ विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। इसी समस्या को देखते हुए ग्रामीण लगातार क्षेत्र में इंटरमीडिएट स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठा रहे थे।

ग्रामीणों ने इस समस्या को मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष भी रखा था। कैड़ा की ओर से विद्यालय के उच्चीकरण का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद बड़ोंन हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किया गया।



विद्यालय के उच्चीकरण के साथ ही यहां कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के प्रवेश शुरू हो गए हैं और कक्षाओं का संचालन भी प्रारंभ कर दिया गया है। इससे बड़ोंन सहित आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विद्यालय के उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों ने विद्यालय के उच्चीकरण पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा विभाग और मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।




मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए अपने गांव और क्षेत्र से दूर न जाना पड़े।

इस दौरान क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें करीब 350 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 समस्याएं सामने आईं, जिनमें से 43 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किए जाने की जानकारी दी गई। शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से भी जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

