
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार की ओर से भी अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि एक माह के दौरान अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।


अभियान के तहत प्रदेश के विद्यालयों में पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। छात्र विभिन्न विषयों पर पेंटिंग के माध्यम से अपने विचार और भावनाएं व्यक्त करेंगे। अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रमुख स्थान दिया गया है।


प्रदेश में अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले अभियान को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने वाली पहल बताया था।


नरेश बंसल ने बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी संगठन की ओर से इसके लिए प्रदेश से लेकर स्थानीय स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं।
अभियान के दौरान स्वच्छता और सामाजिक सेवा से जुड़े आयोजनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश में इससे संबंधित रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रम भी विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित हैं।



राज्यसभा सांसद ने बताया कि अभियान के दौरान भाजपा के शीर्ष नेताओं के भी बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। हालांकि कौन नेता किस कार्यक्रम और किस स्थान पर शामिल होगा, इसका निर्णय संगठन स्तर पर किया जाएगा।
भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी की गई है। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और इस दौरान विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए अलग-अलग गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

