
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में मेला क्षेत्र में विभिन्न पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश मार्गों और प्रमुख स्थलों पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।



सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मेला क्षेत्र में पैदल गश्त कर रहे हैं।

अधिकारियों की ओर से लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर पुलिस ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। साथ ही पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।


मेला परिसर में पुलिस टीमों द्वारा लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है। पुलिसकर्मी व्यक्तिगत रूप से भी श्रद्धालुओं, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से खरीदारी और घूमने के दौरान अपने पर्स, मोबाइल फोन, जेवरात और अन्य मूल्यवान सामान का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को भी कहा गया है।




श्रद्धालुओं से मेले में अपने साथ आए बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। पुलिस ने अपील की है कि किसी बच्चे या बुजुर्ग के बिछड़ने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी से संपर्क करें।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारी दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी संवाद कर रहे हैं। उनसे संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने का अनुरोध किया जा रहा है।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि महोत्सव के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। पुलिस ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

