
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

रामलीला ग्राउंड में वैश्य महासभा की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव में दही हांडी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। करीब 20 वर्षों से आयोजित हो रहे गणेश महोत्सव में इस बार भी प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

दही हांडी प्रतियोगिता को देखने के लिए हल्द्वानी ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे। प्रतियोगिता शुरू होते ही पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा।



आयोजकों के अनुसार महाराष्ट्र की प्रसिद्ध दही हांडी परंपरा की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में यह प्रतियोगिता लंबे समय से आयोजित की जा रही है। हर वर्ष इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं।

इस बार प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी दही हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया।



प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त उत्साह और तालमेल देखने को मिला। एक के ऊपर एक खड़े होकर प्रतिभागियों ने हांडी तक पहुंचने की कोशिश की, जिसे देखकर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

कई प्रयासों के बाद गांधीनगर की टीम दही हांडी तक पहुंचने में सफल रही। टीम के सदस्य ने हांडी फोड़ते ही पूरे रामलीला मैदान में उत्साह का माहौल बन गया और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।




गांधीनगर की टीम को प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय टीमवर्क, अभ्यास और आपसी तालमेल को दिया।

वैश्य महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सांस्कृतिक और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता है। दही हांडी प्रतियोगिता इनमें सबसे लोकप्रिय आयोजनों में से एक है।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं में टीम भावना और उत्साह को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के समापन के बाद विजेता टीम को सम्मानित किया गया और गणपति बप्पा के जयकारों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

