
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

जनपद में अवैध शराब की तस्करी और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चमोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर जनपद में अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 की रात को कोतवाली चमोली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम नन्दप्रयाग–नन्दानगर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम ने ऑल्टो कार संख्या UA 07 AN 9720 को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।


पुलिस का दावा है कि बरामद शराब के संबंध में वाहन सवार व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिलबर सिंह पुत्र गोविन्द सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम कुन्तरी लगा फाली, थाना नन्दानगर, जनपद चमोली के रूप में हुई है।



पुलिस ने शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार को भी सीज कर दिया। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली चमोली में मुकदमा अपराध संख्या 24/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया है।
चमोली पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तस्करी या अवैध नशे के कारोबार में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

