छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल से रूबरू हुआ उत्तराखंड का मीडिया प्रतिनिधिमंडल

छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल से रूबरू हुआ उत्तराखंड का मीडिया प्रतिनिधिमंडल

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड का 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के तहत छत्तीसगढ़ की विकास परियोजनाओं, औद्योगिक प्रगति, शहरी नियोजन, वन्यजीव संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत का अध्ययन कर रहा है। पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया।

अध्ययन दौरे के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से प्रदेश के विकास, औद्योगिक गतिविधियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

पीआईबी देहरादून के तत्वावधान में 14 सितंबर से शुरू हुए पांच दिवसीय दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से सीधे रूबरू कराना है। प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार शामिल हैं।

दौरे के दौरान मीडिया दल ने बिलासपुर क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की परियोजनाओं का अध्ययन किया। इसके साथ ही कोरबा में एनटीपीसी और बालको की औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कर ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास और बड़े प्रोजेक्टों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

औद्योगिक परियोजनाओं के साथ प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी अध्ययन किया। रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कर प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की जानकारी ली गई।

इसके बाद मीडिया दल ने सिरपुर स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर और आसपास के पुरातात्विक स्थलों का भी भ्रमण किया। पत्रकारों ने यहां छत्तीसगढ़ की प्राचीन स्थापत्य कला, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।

अध्ययन दौरे के चौथे दिन प्रतिनिधिमंडल नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एंड सफारी पहुंचा। यहां पत्रकारों ने वन्यजीव संरक्षण, रेस्क्यू, पुनर्वास और प्रबंधन व्यवस्था को करीब से देखा। नंदनवन जू एंड सफारी में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई।

मीडिया दल ने नवा रायपुर के योजनाबद्ध शहरी विकास का भी अध्ययन किया। चौड़ी सड़कों, हरित क्षेत्रों, आधुनिक आधारभूत ढांचे और शहरी सुविधाओं के समन्वय को देखकर पत्रकारों ने शहर के विकास मॉडल को समझा। प्राकृतिक पर्यावरण और आधुनिक शहरी विकास के बीच संतुलन पर भी जानकारी हासिल की गई।

पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल के अनुसार इस तरह के अध्ययन दौरों का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को विकास परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति और उनके क्रियान्वयन से परिचित कराना है। छत्तीसगढ़ में प्राप्त अनुभवों के माध्यम से पत्रकार विभिन्न विकास मॉडल और नवाचारों को समझ रहे हैं, जिन्हें उत्तराखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के संदर्भ में भी देखा जा सकता है।