
स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के नूर बस्ती फेस-2 में 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई।


उद्घाटन कार्यक्रम में झबरेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. गौरव चौधरी समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।




विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए।



उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर किया जा रहा है। नूर बस्ती फेस-2 में इंटरलॉकिंग सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।



विधायक ने बताया कि झबरेड़ा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल भी मिलेगा। अस्पताल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द जनता को समर्पित किए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम होगी।




चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. गौरव चौधरी ने कहा कि संबंधित क्षेत्र नगर पंचायत की सीमा से बाहर होने के कारण यहां सड़क निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।


उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधायक वीरेंद्र जाती से सड़क निर्माण कराने का अनुरोध किया गया था। विधायक ने मांग को स्वीकार करते हुए सड़क निर्माण के लिए कार्य शुरू कराया, जिसके लिए उन्होंने आभार जताया।
डॉ. गौरव चौधरी ने उम्मीद जताई कि आगे भी विधायक और नगर पंचायत के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य जारी रहेंगे। स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए जल्द कार्य पूरा कराने की मांग की।

