काशीपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार

काशीपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार

स्थान : ​काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे मिली 19 वर्षीय युवती की लाश के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया गया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की सुबह धनौरी पट्टी, रामनगर रोड के पास सड़क किनारे युवती का शव मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने मृतका के घर से घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस को चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाते UK15CA-1437 नंबर के डंपर की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने डंपर और उसके चालक से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने घटना वाली सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। हालांकि करीब 4:38 बजे यह बुकिंग कैंसिल हो गई थी। पुलिस ने सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया।

पुलिस के अनुसार डंपर चालक राजू पुत्र ललित और उसके साथ मौजूद सुमित पुत्र राजू से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और जांच में सामने आया कि चैती मैदान के पास युवती को डंपर में बैठाया गया था। इसके बाद डंपर आगे की ओर रवाना हुआ।

पुलिस के मुताबिक आगे जाकर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि विरोध के दौरान युवती ने आरोपी के हाथ पर दांत काट लिया, जिसके बाद डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार किए गए। इससे युवती की मौत हो गई और बाद में शव सड़क किनारे फेंक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद युवती का मोबाइल डंपर में ही छूट गया था। आरोपियों ने जांच को भटकाने के लिए मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया। बाद में मोबाइल एक अन्य डंपर चालक को मिला। पुलिस ने 23 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर को कब्जे में ले लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डंपर से कथित आला कत्ल लोहे का हुक और युवती का बैग बरामद किया। पुलिस के अनुसार बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले हैं। घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।