लोहाघाट महाविद्यालय में एबीवीपी आंदोलन उग्र, छात्र नेताओं ने छत पर चढ़कर दी आत्मदाह की चेतावनी

लोहाघाट महाविद्यालय में एबीवीपी आंदोलन उग्र, छात्र नेताओं ने छत पर चढ़कर दी आत्मदाह की चेतावनी

स्थान : ​लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आठ दिन से चल रहा एबीवीपी का आंदोलन सोमवार को उग्र रूप ले गया। मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्र नेताओं ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद छात्र संघ अध्यक्ष शिखर वर्मा के नेतृत्व में कई छात्र नेता महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए और आत्मदाह की चेतावनी देकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

छात्र नेताओं के छत पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तहसीलदार लोहाघाट मोहिउद्दीन पुलिस बल के साथ महाविद्यालय पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपा सिंह और तहसीलदार ने छात्र नेताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने छात्र नेताओं से महाविद्यालय की छत से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

छात्र नेताओं का कहना था कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक वे छत से नीचे नहीं उतरेंगे। एबीवीपी नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले आठ दिनों से छात्र विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि छात्रों की मांगों के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन और शासन को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन लगातार छात्रों को समझाने और सुरक्षित तरीके से छत से नीचे उतारने का प्रयास कर रहा है।

इधर, एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्र नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को महाविद्यालय परिसर से बाहर सड़कों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने भूख हड़ताल जारी रखने की भी बात कही।

स्थिति को देखते हुए महाविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की तैनाती की गई। प्रशासनिक अधिकारी लगातार छात्र नेताओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास करते रहे। करीब पांच घंटे तक महाविद्यालय में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और प्रशासन की सांसें अटकी रहीं।

शाम के समय भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और एसडीएम लोहाघाट भी छात्र नेताओं को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद छात्र नेता किसी तरह महाविद्यालय भवन की छत से नीचे उतर आए, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

हालांकि, छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी और मांगों के समाधान तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल छात्र नेताओं के छत से उतरने के बाद तत्काल संकट टल गया है, लेकिन एबीवीपी के आंदोलन के आगे और तेज होने की चेतावनी से विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है।