चमोली पुलिस लाइन में हरियाली तीज महोत्सव की धूम, सुधा पंवार बनीं सावन सुंदरी

चमोली पुलिस लाइन में हरियाली तीज महोत्सव की धूम, सुधा पंवार बनीं सावन सुंदरी

स्थान : ​थराली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

चमोली पुलिस लाइन में हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए विशेष हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस लाइन का माहौल सावन की उमंग और पारंपरिक संस्कृति से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक श्रीमती पूजा पंवार, धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार एवं उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस परिवार की महिलाएं पारंपरिक परिधानों और आकर्षक श्रृंगार में नजर आईं। महिलाओं ने तीज पर्व की परंपराओं को जीवंत करते हुए कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

हरियाली तीज महोत्सव के दौरान मेहंदी, एकल नृत्य और ‘सावन सुंदरी’ यानी तीज क्वीन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने आकर्षक डिजाइनों से अपनी रचनात्मकता दिखाई, जबकि एकल नृत्य में शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में पारंपरिक झूले की भी व्यवस्था की गई थी, जिसका महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। सावन के गीतों और लोकधुनों के बीच झूला झूलती महिलाओं ने तीज की पारंपरिक संस्कृति और लोक रंग को जीवंत कर दिया। गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों के चलते कार्यक्रम में पूरे समय उत्साह बना रहा।

महिलाओं के मनोरंजन और उत्साह को बढ़ाने के लिए टंग ट्विस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों को मजेदार और तेजी से बोले जाने वाले शब्दों एवं वाक्यों को दोहराने की चुनौती दी गई। कई प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ चुनौती पूरी की, जबकि शब्दों के उलझने पर कार्यक्रम स्थल हंसी-ठिठोली और तालियों से गूंज उठा। इस अवसर पर प्रेरणा बिष्ट और आराध्या गैरोला ने विशिष्ट अतिथियों के हाथों पर सुंदर मेहंदी डिजाइन भी बनाए।

कार्यक्रम का मंच संचालन महिला हेड कांस्टेबल दीप्ति फर्स्वाण ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को लगातार ऊर्जा और उमंग से जोड़े रखा। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक श्रीमती पूजा पंवार का विशेष योगदान रहा।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में सुधा पंवार ने ‘सावन सुंदरी’ यानी तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि साधना रनर-अप रहीं। एकल नृत्य प्रतियोगिता में मानसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और मेहंदी प्रतियोगिता में अंकिता विजेता रहीं। विजेताओं को विशिष्ट अतिथियों द्वारा आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कांस्टेबल अनीता रावत, महिला कांस्टेबल पिंकी कोठारी, महिला कांस्टेबल विमला और होमगार्ड बबीता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागी महिलाओं ने आयोजन के लिए श्रीमती पूजा पंवार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिस परिवार की महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी मेलजोल, उत्साह और अपनत्व बढ़ाने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष उत्तराखंड राज्य महिला आयोग श्रीमती चन्द्रकला तिवाड़ी सहित जिले के प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों के परिवारों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। इनमें जिलाधिकारी चमोली की धर्मपत्नी श्रीमती सुगन्धा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की धर्मपत्नी श्रीमती ममता पाठक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की धर्मपत्नी श्रीमती अनु, सिविल जज सुश्री हिना कौसर, श्रीमती संगीता भट्ट और श्रीमती मीनाक्षी पन्त समेत अन्य गणमान्य महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं के उत्साह, सावन के गीतों और तालियों की गूंज के बीच महोत्सव यादगार बन गया।