पांवटा साहिब फोरलेन पर भैंस से टकराई तेज रफ्तार कार, बाल-बाल बचा चालक

पांवटा साहिब फोरलेन पर भैंस से टकराई तेज रफ्तार कार, बाल-बाल बचा चालक

स्थान : ​देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

पांवटा साहिब फोरलेन पर धर्मावाला में विवेकानंद अस्पताल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। हाईवे पर अचानक भैंस के आ जाने से एक तेज रफ्तार कार उससे जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से फोरलेन पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कम समय मिलने के कारण कार सीधे भैंस से जा भिड़ी।

टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में कार के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। वहीं, टक्कर लगने से भैंस भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार चालक ने भैंस के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मालिक ने भैंस को डंडा मारा था।

चालक के मुताबिक डंडा लगने से घबराई भैंस अचानक सड़क की ओर भाग निकली और इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। इस आरोप को लेकर मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।

मामला बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।

हादसे में घायल भैंस की हालत को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पशु एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। पशु चिकित्सकों ने भैंस को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल हादसे के कारणों और मवेशी के हाईवे पर पहुंचने की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे ने एक बार फिर फोरलेन पर खुले मवेशियों की मौजूदगी से पैदा होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर आवारा और खुले मवेशियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।