उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी पेपर लीक मामले पर कांग्रेस आक्रोशित, करेगी घेराव

उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी पेपर लीक मामले पर कांग्रेस आक्रोशित, करेगी घेराव

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और युवाओं का आक्रोश अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उत्तराखंड में उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी के पेपर लीक मामले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस घटना को लेकर छात्र संगठनों के साथ अब कांग्रेस भी विरोध में उतर आई है।

पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी के घेराव का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। पार्टी ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और सरकार परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन सड़कों पर जारी रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाए जाने की संभावना है। अब सभी की नजरें कांग्रेस के घेराव कार्यक्रम और सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।