यूटीयू प्रश्नपत्र लीक मामले पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, एसआईटी जांच और उच्च शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

यूटीयू प्रश्नपत्र लीक मामले पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, एसआईटी जांच और उच्च शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के प्रश्नपत्र लीक मामले ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की एसआईटी से निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई है।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि एक ओर देशभर के युवा पेपर लीक और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं उत्तराखंड में भी प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्र लीक मामले ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने में विफल साबित हुई है, जिसका खामियाजा मेहनत करने वाले छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने कहा कि जब परीक्षाएं ही सुरक्षित नहीं हैं, तो छात्रों के भविष्य की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से छात्रों का शिक्षा व्यवस्था और सरकारी संस्थानों पर भरोसा कमजोर हो रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में एसआईटी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की और छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।