

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के विकास, सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीमा जागरण मंच द्वारा दो दिवसीय प्रदेश कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। 25 और 26 जुलाई को शहीद हरकिशन शिक्षण संस्थान में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के सीमावर्ती जिलों और खंडों से आए कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।


सीमा जागरण मंच, उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस अभ्यास वर्ग में तिब्बत, नेपाल और चीन सीमा से जुड़े क्षेत्रों के कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, सीमा सुरक्षा और समाज की सहभागिता को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।



कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों के विकास, रिवर्स पलायन, आत्मनिर्भर सीमांत गांवों के निर्माण, भारत माता पूजन, तिरंगा यात्राओं के आयोजन तथा सीमांत क्षेत्रों में ज्ञान प्रतियोगिताओं जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। मंच का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।


प्रदेश संगठन मंत्री आशीष वाजपेयी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को सीमा दर्शन, सीमांत क्षेत्रों में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की रोकथाम में समाज की भूमिका, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी, ग्राम सुरक्षा समितियों के गठन एवं सुदृढ़ीकरण तथा सुरक्षा प्रहरी की अवधारणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा केवल सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। सीमांत गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाकर ही पलायन की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।

सीमा जागरण मंच का मानना है कि सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को मजबूती दी जा सकती है। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सीमांत क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।



