पोखरी में कांग्रेस संगठन का विस्तार, कई नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

पोखरी में कांग्रेस संगठन का विस्तार, कई नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने विकासखंड पोखरी में संगठन का विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की। बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी ने नई नियुक्तियों की घोषणा करते हुए बताया कि सतीश डीडोलियाल और कुंवर सिंह नेगी को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राजवीर कंडारी, मोहन सिंह और चतर सिंह को ब्लॉक सचिव तथा बृजेश रड़वाल को ब्लॉक महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महिला कांग्रेस संगठन को भी मजबूत करने के लिए कई नई नियुक्तियां की गईं। रेखा देवी और गीता देवी को महिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि चंद्रकला देवी, ज्योति देवी और आशा भंडारी को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा भारती देवी, सीमा देवी, कुसुमलता और शिवानी फरस्वाण को महामंत्री तथा संतोषी देवी को सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया।

इस अवसर पर विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए कार्यकर्ता अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी ने कहा कि संगठन का विस्तार आगामी राजनीतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रियता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आग्रह किया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया। उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में विधायक प्रतिनिधि धीरेंद्र राणा, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर सिंह नेगी, यूथ जिला महासचिव मयंक नेगी, नगर अध्यक्ष मुकेश नाखोलिया, संजय नाखोलिया सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।