

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, मजखाली का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, छात्र संख्या, विद्यालय भवनों की स्थिति तथा उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से भी मुलाकात की और उन्हें बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने हाईटेक शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीएम ने विद्यार्थियों के भोजन के लिए शेड का निर्माण कराने तथा पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में भोजन की सुविधा मिलनी चाहिए।

विद्यालय भवनों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त कक्षा-कक्षों के सुदृढ़ीकरण के लिए आपदा मद से तत्काल विस्तृत आगणन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी फेंसिंग कराने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में बने शौचालयों का भी निरीक्षण किया और उनके नियमित रखरखाव एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, तहसीलदार दीपिका आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

