सोनम वांगचुक को मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट करने का हाईकोर्ट का आदेश, इलाज के लिए बनेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल

सोनम वांगचुक को मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट करने का हाईकोर्ट का आदेश, इलाज के लिए बनेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल

ब्यूरो रिपोर्ट

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है। अदालत ने निर्देश दिया है कि सोनम वांगचुक को इलाज के लिए मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट किया जाए। साथ ही अस्पताल को विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल गठित कर उनकी चिकित्सा निगरानी करने और सभी मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने की। अदालत ने कहा कि इस मामले में विस्तृत आदेश बाद में जारी किया जाएगा। सुनवाई के दौरान वांगचुक के स्वास्थ्य, इलाज और निगरानी को लेकर केंद्र सरकार तथा उनके पक्ष के बीच चर्चा हुई।

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि सरकार को सोनम वांगचुक को मेदांता हॉस्पिटल ले जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वांगचुक को डॉक्टरों की सलाह के खिलाफ अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाना चाहिए।

सरकार की ओर से अदालत में कहा गया कि वांगचुक अपनी पसंद का अस्पताल और डॉक्टर चुन सकते हैं, लेकिन उनके स्वास्थ्य को देखते हुए चिकित्सा सलाह का पालन किया जाना जरूरी है। सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

सुनवाई के दौरान सरकार ने यह भी आशंका जताई कि कुछ लोग उन्हें डॉक्टरों की सलाह के विपरीत अस्पताल से बाहर ले जाने का प्रयास कर सकते हैं। सरकार की ओर से कहा गया कि यदि वह दोबारा प्रदर्शन स्थल पर जाते हैं और उनकी तबीयत बिगड़ती है तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब सोनम वांगचुक के इलाज के लिए मेदांता हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गठित की जाएगी। उनकी स्वास्थ्य स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी और उपचार से जुड़ी सभी रिपोर्ट डॉक्टरों के पैनल के समक्ष रखी जाएंगी।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर यह मामला अदालत पहुंचा था। अब हाईकोर्ट के निर्देश के बाद उनके इलाज और चिकित्सकीय निगरानी की प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ेगी।