छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हल्द्वानी कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हल्द्वानी कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

देश की शिक्षा व्यवस्था और छात्र-युवाओं की मांगों को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुद्ध पार्क में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्र और युवा लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि देश का युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्र-युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।

जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस नीतियों के माध्यम से होना चाहिए, न कि बल प्रयोग से। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार और छात्र नेता कमल बोरा ने कहा कि आज छात्र अपने भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल छात्रों का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा विषय है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र-युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन कार्यक्रम में हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, मलय बिष्ट, जीवन कार्की, हेमंत साहू, ब्लॉक अध्यक्ष हेम पांडे, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पार्षद भागीरथी बिष्ट, रेनू तोमर, विमला सांगुड़ी, मंजू पांडे, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, छात्र नेता कमल बोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। वहीं, छात्र-युवाओं के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।