

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से रामगढ़ ब्लॉक के दो जर्जर राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के भवनों के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिलाधिकारी नैनीताल ने आपदा मद से दोनों विद्यालयों के लिए 15-15 लाख रुपये, कुल 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने विगत दिनों जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा (खपराड़) की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि विद्यालय भवन अत्यंत खराब हालत में है, जिससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के दौरान लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


उन्होंने बताया कि विशेष रूप से बरसात के मौसम में विद्यालय भवन छात्रों और शिक्षकों के लिए खतरा बना रहता है। भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से नए भवन निर्माण की मांग कर रहे थे और इस संबंध में आंदोलन भी कर रहे थे।

मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी से विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से धनराशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा में दो कक्षों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी।
इसके साथ ही मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्युड़ा के जर्जर भवन का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। विद्यालय की खराब स्थिति को देखते हुए इसके पुनर्निर्माण के लिए भी आपदा मद से 15 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि दोनों विद्यालयों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण से छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उन्हें बेहतर सुविधाओं के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

