

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जनपद के खानपुर क्षेत्र में तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने गहन सर्च अभियान चलाकर किशोर के शव को तालाब से बरामद किया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, खानपुर के मिर्जापुर स्थित तालाब में 16 वर्षीय समद नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई।


सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले अभियान के दौरान गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को तालाब से बाहर निकाल लिया।


एसडीआरएफ ने शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और बरसात के मौसम में जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने या अनावश्यक रूप से जाने से बचें। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें गहरे पानी के पास अकेले नहीं जाने देने की सलाह दी गई है।


बरसात के मौसम में जलस्तर और पानी की गहराई का सही अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचना देने की अपील की है।

