मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी विकास की दो बड़ी सौगातें, स्वास्थ्य सुविधाओं और समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी विकास की दो बड़ी सौगातें, स्वास्थ्य सुविधाओं और समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का किया शुभारंभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन, देहरादून से वर्चुअल माध्यम के जरिए अपनी विधानसभा चम्पावत को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में स्थापित नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन करने के साथ ही डांडा ककनई में नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ (BAIF) के सहयोग से संचालित उत्तराखंड सीएसआर–2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) केवल सामाजिक दायित्व निभाने का माध्यम नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का प्रभावी साधन है। उन्होंने उद्योग जगत से राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने सीएसआर संसाधनों का अधिकतम उपयोग जनकल्याण के कार्यों में करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक एवं पर्वतीय परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। इसलिए राज्य का विकास रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम विकास को समान प्राथमिकता देते हुए किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की पारदर्शी नीतियों और कॉर्पोरेट क्षेत्र के सहयोग से उत्तराखंड सतत एवं समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।

वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों और एक नई ईसीजी मशीन का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज, डांडा ककनई से उत्तराखंड सीएसआर–2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों से वर्चुअल संवाद भी किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्राम अवसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से जिले के सर्वांगीण और समावेशी विकास का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और चम्पावत को सुशासन, नवाचार, जनकल्याण एवं सतत विकास का आदर्श जनपद बनाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करे।