

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के मौके पर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक ओर भाजपा सरकार इस कार्यकाल को “सेवा, समर्पण और सुशासन” का प्रतीक बता रही है, वहीं कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।


कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का एजेंडा राज्य के विकास से भटक चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दों की बजाय अन्य विषयों को अधिक तवज्जो दी जा रही है।



धस्माना ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी लगातार एक बड़ी समस्या बनी हुई है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्तर पर सुधार को लेकर सरकार के पास कोई ठोस दृष्टिकोण नहीं है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान विकास कार्यों की बजाय ऐसे मुद्दों पर केंद्रित है, जिनसे जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राज्य के युवाओं को रोजगार देने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है।
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस प्रकार की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहती और उसका फोकस केवल जनहित और विकास के मुद्दों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक एजेंडे के तहत समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रही है।

वहीं, भाजपा की ओर से सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल को उपलब्धियों से भरा बताते हुए विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे और सुशासन के क्षेत्र में किए गए कार्यों को प्रमुखता से गिनाया जा रहा है। इस तरह दोनों प्रमुख दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।



