

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।


ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों द्वारा समस्याएं रखे जाने के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में तत्परता से कार्य करने और लंबित समस्याओं का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।



मंत्री कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेज दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलेगी, जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास की मुख्यधारा से दूर बसे गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इनका लाभ दिलाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन निरंतर प्रयासरत हैं। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं और विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है।


कार्यक्रम के अंत में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और क्षेत्रीय विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर उनका आभार व्यक्त किया।

