

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


रानीखेत से दिल्ली के लिए रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में सीमित बस सेवाओं के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, सैनिकों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


युवा कांग्रेस का कहना है कि पूर्व में रानीखेत से दिल्ली के लिए अधिक संख्या में रोडवेज बसों का संचालन होता था, लेकिन वर्तमान में बसों की संख्या कम होने से यात्रियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेष रूप से पर्यटन सीजन और केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने से बसों में सीट मिलना मुश्किल हो जाता है।



ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि रानीखेत से दिल्ली के लिए पूर्व की भांति अतिरिक्त बस सेवाएं तत्काल शुरू की जाएं। साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पर्याप्त सीटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पर्यटन और यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधा से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी और क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला महासचिव अरसालन शेख, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, उदय मलोठिया, पंकज किरौला, पवन बिष्ट, यतिन मेहरा, आदित्य मेहरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


