

ब्यूरो रिपोर्ट
लोकेशन : मसूरी


पर्यटक सीजन के दौरान कोल्हूखेत स्थित ईको टोल टैक्स बैरियर पर लगने वाले लंबे जाम और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। वर्षों से लगातार इस समस्या को लेकर प्रकाशित हो रही खबरों और स्थानीय लोगों की मांगों के बाद अब ईको टोल बैरियर पर फास्टैग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है।


नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन की मौजूदगी में नगर पालिका सभागार में शहर के गणमान्य नागरिकों, सभासदों तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईको टैक्स व्यवस्था को आधुनिक बनाने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।



बैठक में निर्णय लिया गया कि ईको टोल बैरियर पर फास्टैग सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले। इसके साथ ही माल रोड स्थित दोनों बैरियरों पर भी फास्टैग व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा स्थानीय नागरिकों से इस संबंध में सुझाव भी मांगे जा रहे हैं।

नगर पालिका ने स्थानीय निवासियों के वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि उन्हें ईको टैक्स में आवश्यक छूट और सुविधा प्रदान की जा सके। साथ ही, ईको टैक्स बैरियर को फोर लेन विकसित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि टिहरी, उत्तरकाशी और मसूरी के स्थानीय लोगों को ईको टैक्स से मुक्त रखने का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन बनाई जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू हो सके।


उन्होंने कहा कि ईको टैक्स व्यवस्था को लेकर सभी संभावित विकल्पों पर विचार किया जा रहा है और शहर में यातायात सुधार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने फास्टैग व्यवस्था लागू करने के निर्णय का समर्थन किया।



