

ब्यूरो रिपोर्ट


स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमंत साहू ने किया।


धरने के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम जनता पर मनमाने और अत्यधिक बिजली बिलों का बोझ डाला जा रहा है। हेमंत साहू ने कहा कि जनता की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, जिसके बाद उपभोक्ताओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


प्रदर्शन में शामिल राजेंद्र बिष्ट और सचिन राठौर ने भी कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक दबाव बढ़ा है, जिसे तत्काल सुधारे जाने की आवश्यकता है।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली बिलों में हो रही अनियमितताओं को जल्द ठीक नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बाद में विभाग द्वारा कुछ उपभोक्ताओं के बिलों में तत्काल सुधार किए जाने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
प्रदर्शन में राजेंद्र बिष्ट, सचिन राठौर, संदीप भसोड़ा, माया देवी, गंगा कश्यप, बबीता आर्या, रीना देवी, मगल सिंह, कुमारी काजल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।


