

रिपोर्ट : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा की अध्यक्षता में शिव मंदिर परिसर में व्यापार मंडल पदाधिकारियों और चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबे समय से स्थगित व्यापार मंडल चुनाव प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया जुलाई माह के अंत तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।


बैठक में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के आधार पर निवर्तमान व्यापार मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष को आगामी चुनाव लड़ने से वंचित करने का निर्णय लिया गया। वहीं आरोप-प्रत्यारोप के बीच अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक पंत को चुनाव समिति के समक्ष शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


चुनाव समिति ने इस बार चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के लिए शपथ पत्र देना अनिवार्य कर दिया है। इसमें प्रत्याशियों को यह घोषणा करनी होगी कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान या परिणाम के बाद किसी भी विवाद को लेकर न्यायालय की शरण नहीं लेंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि कोई प्रत्याशी इस शर्त का उल्लंघन करता है तो उसकी व्यापार मंडल की सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि आरोप-प्रत्यारोप और विवाद के चलते रानीखेत व्यापार मंडल के चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। नामांकन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अब केवल नाम वापसी की प्रक्रिया शेष है। माना जा रहा है कि कुछ पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय है।
बैठक में पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत सिंह नेगी को व्यापार मंडल चुनाव का मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव समिति ने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने का भरोसा जताया।


